जनकल्याण सभा के अध्यक्ष अंजू को ज्वाइनिंग लेटर सौंपते हुएफोटो स्त्रोत:संवाद
जसूर (कांगड़ा)। नागरिक अस्पताल नूरपुर में अब एंबुलेंस की चालक सीट पर भरमौर की 25 वर्षीय अंजू बाला दिखेंगी। रणजीत बक्शी जनकल्याण सभा ने उन्हें अपनी एंबुलेंस सेवा का चालक बनाया है।
पहली बार संस्था ने किसी महिला को एंबुलेंस चालक नियुक्त किया है। ड्राइविंग को शौक बताने वाली अंजू पहले टैक्सी और अन्य व्यावसायिक वाहन चला चुकी हैं। कुछ समय से वह जसूर के नजदीक जाच्छ स्थित एचआरटीसी प्रशिक्षण केंद्र में ड्राइविंग का प्रशिक्षण ले रही थीं। अब वह सुबह 09:00 से शाम 05:00 बजे तक एंबुलेंस में तैनात रहेंगी।
जनकल्याण सभा के अध्यक्ष अखिल बक्शी ने कहा कि 15 अभ्यर्थियों ने चालक का इंटरव्यू दिया था, लेकिन अंजू बाला का प्रदर्शन सबसे प्रभावशाली रहा। उन्हें एंबुलेंस से जुड़ी तकनीकी जानकारी भी अच्छी है। संवाद