नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगवां में प्रदेश सरकार एवं क्रैक अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में मेरे शहर के 100 रत्न छात्रवृत्ति परीक्षा करवाई गई। परीक्षा का उद्देश्य प्रदेश के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं, जैसे यूपीएससी, एसएससी, बैंकिंग, डिफेंस, स्टेट सर्विसेज एवं स्किल डवलपमेंट कोर्सेज की तैयारी के लिए छात्रवृत्ति प्रदान करना है।
परीक्षा में लगभग 800 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के सफल संचालन में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र सोनी और परीक्षा नियंत्रक प्रो. संजय शर्मा एवं समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। प्राचार्य डॉ. सोनी ने कहा कि इस प्रकार की छात्रवृत्ति परीक्षाएं युवाओं में प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करती हैं और उन्हें उच्च लक्ष्यों की ओर अग्रसर करती हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को सूचित किया कि परीक्षा परिणाम कॉलेज की वेबसाइट, नोटिस बोर्ड एवं उनके पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर उपलब्ध कराए जाएंगे। संवाद