चढ़ियार (कांगड़ा)। चढ़ियार से बैजनाथ वाया चोबू-भुलाणा सड़क गांव डुहकी के पास भूस्खलन होने से पूरी तरह यातायात के लिए बंद हो गया। बुधवार रात से हो रही मूसलाधार बारिश से वीरवार दोपहर लगभग 12 बजे सड़क से लगभग 400 मीटर ऊपर पहाड़ी में भूस्खलन होने से बड़ी चट्टानें और मलबा मार्ग पर आ गिरा। इससे सड़क क्षतिग्रस्त हो गई और सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गई।
वहीं लोनिवि सड़क को बहाल करने में लगा हुआ है। लेकिन, बड़ी चट्टानें हटाने में अभी दो दिन लग सकते हैं। उधर, लोनिवि के कनिष्ठ अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि मलबे को हटाने का प्रयास किया जा रहा है। सड़क को बहाल करने में एक से दो दिन लग सकते हैं। वहीं भारी बारिश के चलते होलटा-चढियार सड़क में गांव भुआणा के पास ल्हासा गिरने से सड़क मार्ग सुबह दस बजे तक यातायात के लिए बाधित रहा। इसके अलावा जयसिंहपुर से जोड़ने वाली चढियार-मूंगल जयसिंहपुर सड़क में जगह-जगह ल्हासे गिरने से सड़क मार्ग दोपहर 11 बजे तक बंद रहा।