सात साल राम का किरदार निभाने पर नाम ही पड़ गया राम
एप्पल आईफोन में नौकरी करने वाले संजीव कर रहे रामलीला में अभिनय
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। एप्पल आईफोन में सेल्स प्रोमोटर्स की नौकरी करने वाले संजीव चौहान ने अभी भी रामलीला में अभिनय करना नहीं छोड़ा है। करीब 18 साल से रामलीला में अभिनय कर रहे संजीव ने सात साल तक राम का रोल किया। इसलिए दोस्तों के बीच संजीव का नाम राम ही पड़ गया था। इसके अलावा वे विभिन्न पात्रों का किरदार भी रामलीला में निभा चुके हैं।
जिला मुख्यालय धर्मशाला के कोतवाली बाजार में होने वाली रामलीला कमेटी के साथ 31 वर्षीय संजीव उस समय जुड़े थे, जब वे करीब 13 वर्ष के थे। यह उस समय की बात थी, जब संजीव ने अपना होश भी ठीक से नहीं संभाला था। रामलीला में छोटे किरदार से शुरू करते हुए राम के पात्र के रूप में अभिनय किया। लगातार सात साल तक राम का किरदार निभाया। संजीव को रामलीला के हर पात्र के संवाद याद हैं। उधर, संजीव चौहान ने बताया कि वे पिछले करीब 18 सालों से रामलीला के मंचन के साथ जुड़े हैं। हालांकि, वे नौकरी कर रहे हैं, लेकिन, रामलीला में अभिनय करने का एक जुनून उन्हें इससे दूर नहीं होने देता। इसलिए हर साल वे कोतवाली में होने वाली रामलीला में अभी भी अभिनय करते हैं।