नूरपुर(कांगड़ा)। नोबल कम्यूनिटी, राधे सेवा समिति और प्रेस क्लब नूरपुर के संयुक्त तत्वावधान में बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ, 100 प्रतिशत मतदान और युवाओं को सेना के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से प्रात: साढ़े सात बजे काली माता मंदिर से औंद क्षेत्र तक मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन में मुख्यअतिथि के रूप में एसडीएम आविद हुसैन सादिक ने शिरकत की। इसमें लड़कियां तथा बुजुर्गों समेत 110 प्रतिभागियों ने भाग लिया। दौड़ में लड़कों के वर्ग में सुनील प्रथम, अक्षय दूसरे तथा राकेश तीसरे नंबर पर रहे।
लड़कियों में पहले स्थान पर पुलविका, दूसरे पर पल्विका तथा तीसरे स्थान पर संगीता रही। आयोजकों ने विजेता, उपविजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह तथा नकद पुरस्कार दिए गए। इसके अलावा सभी प्रतिभागियों को मेडल भी पहनाए गए। इस मौके पर स्थानीय पंचायत प्रधान, नोबल कम्यूनिटी के अध्यक्ष मंगल सिंह, राधे सेवा समिति के अध्यक्ष जयकेश इकु, आदित्य, सन्नी ठाकुर, अमन पठानिया, रोहित सिंह आदि लोग मौजूद थे।