15,000 devotees bow their heads at Jwalamukhi temple
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। विश्वविख्यात शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में शनिवार के दिन भक्तों का सैलाब उमड़ आया। लगभग 15,000 भक्तों ने मां ज्वालामुखी के दरबार में परिवार सहित हाजिरी लगाकर मां की विधिपूर्वक पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर अधिकारी तहसीलदार निर्मल सिंह ठाकुर ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर न्यास ज्वालामुखी ने बेहतर प्रबंध किए हुए हैं। यात्रियों को कोविड-19 के अंतर्गत पूरी एहतियात के साथ दर्शन करवाए जा रहे हैं। मंदिर में सोशल डिस्टेंसिंग का खास ख्याल रखा जा रहा है। मंदिर में जगह-जगह सैनिटाइजर मशीनें लगाई गई हैं। यात्रियों को कड़ी सुरक्षा के बीच मंदिर में दर्शन करवाने के लिए पूर्व सैनिक तैनात किए गए हैं। इसके लिए पुलिस विभाग की भी मदद ली जा रही है। मंदिर के अतिरिक्त कर्मचारी समय-समय पर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। मंदिर में यात्री को हरसंभव सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। मंदिर के अंदर किसी किस्म की भीड़ इकट्ठा नहीं होने दी जा रही है।
बाजार में भी खासी रौनक दिखाई दी। दुकानदारों के चेहरों पर भी रंगत नजर आने लगी है। पंजाब व अन्य राज्यों में शीघ्र ही स्कूल खुलने जा रहे हैं। इसलिए अभिभावक छुट्टियों के अंतिम दिनों में अपने परिवार सहित पर्यटनस्थलों और धार्मिक स्थानों की ओर रुख कर रहे हैं। इससे हिमाचल प्रदेश के धार्मिक स्थलों में भी भीड़ देखी जाने लगी है। प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद और सतर्क होकर काम कर रहा है।