धर्मशाला। जिला कांगड़ा में कोरोना की जांच कम होने के साथ ही संक्रमण के मामले भी कम हो गए हैं। अब जिले में रोजाना 1500 के करीब लोगों की कोरोना जांच की जा रही है। वहीं छुट्टी वाले दिन यह जांच और भी कम हो रही है। मंगलवार को भी जिला कांगड़ा में 1596 लोगों के कोरोना सैंपल लिए गए, जिसमें से 115 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
वहीं मंगलवार को टांडा मेडिकल कॉलेज में धर्मशाला के कोतवाली की 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला की कोरोना व अन्य बीमारियों के कारण मौत हो गई। सीएमओ डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने कहा कि अब कोरोना संक्रमण के मामले कम हो रहे हैं, लेकिन अभी भी सावधानी बरतने की जरूरत है। मंगलवार को 180 संक्रमित मरीजों ने वायरस से जंग जीत ली है। इस समय जिला कांगड़ा में कोरोना के कुल 811 एक्टिव केस रह गए हैं।