हिमाचल में निजी क्षेत्र में रोजगार के द्वार खुल रहे हैं। 30 जुलाई को ज्वालामुखी में रोजगार मेला होने जा रहा है। इसमें देश की प्रतिष्ठित कंपनियां रोजगार मुहैया करवाएंगी।
उपायुक्त कांगड़ा सी. पालरासु ने कहा कि 30 जुलाई को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक श्रम एवं रोजगार विभाग के सौजन्य से ज्वालामुखी के गीता भवन में रोजगार मेला लगेगा।
कंपनियों की ओर से युवाओं का चयन मौके पर कर उन्हें नियुक्ति-पत्र दिए जाएंगे। युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर रोजगार उपलब्ध होगा। रोजगार मेले में आठवीं, दसवीं, जमा दो, आईटीआई पास, डिप्लोमा होल्डर और जनरल ग्रेजुएट हिस्सा ले सकते हैं। आयु 18 से 35 वर्ष होनी चाहिए।
इच्छुक उमीदवार शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण-पत्र, कार्य अनुभव प्रमाण-पत्र, हिमाचली निवास प्रमाण-पत्र (फोटो कॉपी सहित) एवं तीन पासपोर्ट आकर के फोटो लेकर रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं।
उम्मीदवार अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार अधिकारी कृष्ण कुमार शर्मा से दूरभाष नंबर 0177-2620229 पर सभी कार्य दिवस के दौरान सायं 3 बजे से 5 बजे तक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी, धर्मशाला के कार्यालय दूरभाष नंबर 01892-224892 पर संपर्क कर सकते हैं।