प्रदेश विश्वविद्यालय ने जून-जुलाई में आयोजित 26 परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इनमें बीटेक, बीएड, एमए और एमएससी के विभिन्न सेमेस्टर और बैच के परिणाम शामिल हैं।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने जून-जुलाई में आयोजित 26 परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इनमें बीटेक, बीएड, एमए और एमएससी के विभिन्न सेमेस्टर और बैच के परिणाम शामिल हैं। विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर आईडी डालकर परिणाम देख सकते हैं। बीटेक सूचना प्रौद्योगिकी और बीटेक कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग के छठे सेमेस्टर का परिणाम 100 फीसदी रहा। बीटेक सिविल इंजीनियरिंग में 96.97 फीसदी, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में 98.21 फीसदी और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में 91.53 फीसदी विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए।
विज्ञापन
बीएड के चौथे सेमेस्टर का परिणाम 99.52 फीसदी और दूसरे सेमेस्टर का 94.48 फीसदी रहा। एमए समाजशास्त्र के दूसरे सेमेस्टर में 96.77 फीसदी और एमए सामाजिक कार्य में 92.31 फीसदी विद्यार्थी पास हुए। सामाजिक कार्य के परिणाम में पुनर्परीक्षा और कंपार्टमेंट वाले विद्यार्थी भी शामिल हैं। एमए राजनीतिक विज्ञान के विभिन्न सेमेस्टरों के परिणाम 96.91 से 100 फीसदी के बीच रहे। वहीं एमए इतिहास के विभिन्न सेमेस्टर और बैच का परिणाम 98.13 से 100 फीसदी के बीच रहा। एमएससी के पांच परिणाम भी घोषित किए गए हैं। इनमें प्राणी विज्ञान में 99.23 फीसदी, वनस्पति विज्ञान में 99.19 फीसदी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता में 95.83 फीसदी विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। डेटा साइंस और पर्यावरण विज्ञान में परिणाम 100 फीसदी रहा।