हिमाचल में खास ओपन टैंट में छुट्टियां बिताने वाले सैलानी अब स्विस टैंट की लग्जरी सुविधाओं का आनंद ले सकेंगे। इसके लिए पर्यटन निगम ने प्रदेश के दो बेहतरीन टूरिस्ट डेस्टिनेशन नारकंडा का हाटू और मैकलोडगंज का भागसू चुने हैं। यहां जल्द ही छह स्विस टैंट लगाने की योजना है। यह सुविधा राजस्थान की तर्ज पर हिमाचल में भी सैलानियों को मिलेगी।
हिमाचल पर्यटन विकास निगम यहां स्विस टैंट लगाने का काम शुरू कराने वाला है। पहले चरण में दोनों स्थानों पर आधुनिक सुविधाओं से लैस तीन-तीन स्विस टैंट लगाए जाएंग। इनमें सैलानियों को आरामदायक कुर्सियां, राइटिंग टेबल, ड्रेसिंग टेबल, नाइट लैंप, कारपेट, टीवी सहित ब्रेक फास्ट, लंच व डिनर की सुविधा भी मुहैया करवाई जाएगी।
टैंट के बाहर सुंदर बरामदे और हरे भरे बगीचे भी होंगे। स्विस टैंट में सैलानियों के लिए हिमाचल के परंपरागत परिधान व अन्य साजो-सामान भी उपलब्ध होगा। स्विस टैंट में ठहरने का संभावित किराया 2500 से 5500 रुपये प्रति रात्रि रखा जाएगा।
कहां है हाटू पीक
राष्ट्रीय राजमार्ग-22 पर राजधानी शिमला से 65 किलोमीटर दूर नारकंडा बसा है। शिवालिक पर्वत श्रृंखलाओं के बीच समुद्र तल से करीब 9000 फुट की ऊंचाई पर नारकंडा से आठ किलोमीटर दूर प्रसिद्ध हाटू पीक है।
भागसू नाग
धर्मशाला से 11 किलोमीटर दूर मैकलोडगंज शहर है। बर्फ से ढकी धौलाधार पर्वत श्रृंखलाओं के आंचल में मैकलोडगंज से 2 किलोमीटर दूर समुद्र तल से 5200 फीट की ऊंचाई पर भागसू नाग है।