हिमाचल विधानसभा ने वर्ष 2013-14 के लिए 23,350 करोड़ रुपये का कुल बजट पारित कर दिया है। इसे सदन में ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। इसके बाद अध्यक्ष बृज बिहारी बुटेल ने बजट सत्र को दो दिन के अवकाश के बाद सोमवार तक के लिए स्थगित कर दिया।
सदन में नए वित्त वर्ष का बजट अनुमान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने 14 मार्च को रखा था। इसे शुक्रवार को पारित कर दिया गया। शुक्रवार को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने बजट पारित करने की प्रक्रिया में हिमाचल प्रदेश विनियोग (संख्याक 2) विधेयक 2013 को सदन के पटल पर रखा। इसे ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। इसमें पूंजीगत बजट 19,189 करोड़ और राजस्व बजट 4,161 करोड़ रुपये सुनिश्चित किया गया है।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने 2013-14 को सदन पटल पर जो बजट रखा था, उसमें 21,767 करोड़ के बजट व्यय, अनुमानित व्यय 6,956, पेंशन पर व्यय 2,839 करोड़, ब्याज अदायगी पर व्यय 1,714 करोड़, अन्य ऋणों पर 342 करोड़ रुपये और रखरखाव पर 1,721 करोड़ रुपये तय किए। इसी के साथ विधानसभा में विपक्ष के सदस्यों ने मुख्यमंत्री सहित पक्ष के सदस्यों को बजट पारित होने पर बधाई भी दी।