हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग हमीरपुर
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने ड्राइंग मास्टर पोस्ट कोड 980 के अभ्यर्थियों के दस्तावेजों के मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्ट कोड के तहत जिन अभ्यर्थियों की ओर कर्मचारी चयन आयोग के भंग होने की वजह से दस्तावेज मुहैया नहीं करवाए जा सके थे, उन्हें एक सप्ताह के भीतर दस्तावेज उपलब्ध करवाने का समय दिया गया है।
कैबिनेट बैठक में भंग हो चुके कर्मचारी चयन आयोग के समय में हुई सात भर्तियों का परीक्षा परिणाम घोषित करने का निर्णय बीते दिनों लिया गया है। इस निर्णय के तहत ही पोस्ट कोड 980 के तहत 314 पदों के परीक्षा परिणाम को घोषित करने की प्रक्रिया आयोग की ओर से शुरू कर दी गई है। भंग आयोग के दौर में दिसंबर 2022 में इस पोस्ट कोड के तहत दस्तावेजों के मूल्यांकन के दौरान अभ्यर्थियों को सात दिन के भीतर जरूरी दस्तावेजों को प्रस्तुत करने का समय दिया गया।
इस बीच पेपर लीक प्रकरण की वजह से आयोग को निलंबित कर दिया गया और कुछ अभ्यर्थी दस्तावेजों को आयोग में जमा नहीं करवा सके। ऐसे में अब इन अभ्यर्थियों को जरूरी दस्तावेजों को एक सप्ताह के भीतर जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के सचिव विक्रम महाजन ने कहा कि अभ्यर्थियों के सात दिनों के भीतर जरूरी दस्तावेजों को उपलब्ध करवाने का समय दिया है।