राज्य चयन आयोग ने पोस्ट कोड 965 के तहत जेओए (आईटी) के 319 पदों की भर्ती को वापस ले लिया है। आयोग ने इस संदर्भ में पब्लिक नोटिस भी जारी कर दिया है। इन सभी पदों के लिए आवेदन करने वाले एक लाख से अधिक आवेदनकर्ताओं की फीस वापस होगी।
जेओए आईटी भर्ती की लिखित परीक्षा से दो दिन पहले ही इसका पेपर लीक हो गया था। विभिन्न जांच प्रक्रियाओं के बाद अब इस भर्ती को विड्रॉल (वापस) कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक चयन आयोग ने मई 2022 में 198 पदों के लिए आवेदन मांगे थे। अक्तूबर में इसमें 121 पद और जोड़े गए। कुल 319 पदों के लिए 476 परीक्षा केंद्रों में 1,03,344 अभ्यर्थियों ने परीक्षा देनी थी। जिस दिन लिखित परीक्षा होनी थी, उसके दो दिन पहले ही पेपर लीक हो गया। उस समय जिस महिला पर पेपर लीक करने का आरोप लगा था, वह चयन आयोग की गोपनीय शाखा में वरिष्ठ सहायक के पद पर लंबे समय से कार्यरत थी। हालांकि, उसके बाद विजिलेंस ने कई गिरफ्तारियां की थीं। आयोग की ओर से परीक्षा भी रद्द कर दी गई थी। अब चयन आयोग की ओर से भर्ती को वापस लिया गया है।
प्रशासनिक कारणों के कारण पोस्ट कोड 965 के तहत जेओए (आईटी) के 319 पदों की भर्ती को वापस लिया गया है। जिन अभ्यर्थियों ने इसके लिए आवेदन किया था, उनकी फीस वापस की जाएगी। -
डॉ. विक्रम महाजन, सचिव, हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग