सदन में संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
भाजपा विधायक इंद्र दत्त लखनपाल के नागरिक अस्पताल बड़सर के भवन निर्माण पर पूछे सवाल को लेकर मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि बड़सर में तेजी से काम चल रहा था। वो उधर गए और एक्सीडेंट हो गया। इस तरफ ही होते तो अभी निर्माण तक हो जाना था। मुख्यमंत्री के इस बयान पर विपक्ष ने आपत्ति जताई।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने हस्तक्षेप करते हुए मामले को शांत किया। इस दौरान विधायक ने भी पलटवार करते हुए कहा कि मैं रोबोटिक सर्जरी नहीं मांग रहा हूं, अस्पताल में कुछ विशेषज्ञ डॉक्टर तो सरकार मुहैया कराए। प्रश्नकाल के दौरान विधायक ने बड़सर अस्पताल का मामला उठाया। उन्होंने पूछा कि नागरिक अस्पताल का भवन कब तक बन जाएगा। उन्होंने कहा कि सदन में जो जानकारी रखी है, वह अधूरी है। अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टर भी नहीं हैं। विशेषज्ञों के न होने के कारण मरीजों को हमीरपुर और बिलासपुर एम्स रेफर किया जा रहा है।
डेढ़ सप्ताह में विशेषज्ञ डाॅक्टर की कर देंगे तैनाती
जवाब में स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने कहा कि नागरिक अस्पताल बड़सर को आदर्श स्वास्थ्य संस्थान के रूप में विकसित किया जा रहा है। एक से डेढ़ सप्ताह में यहां पर विशेषज्ञ डाॅक्टर की तैनाती कर दी जाएगी। प्रत्येक आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों में 6 विशेषज्ञ डॉक्टर, 8 स्टाफ नर्सेज, 2 ऑपरेशन थियेटर सहायकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। संस्थानों में मशीनरी और उपकरणों की खरीद की प्रक्रिया भी की जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हिमाचल के स्वास्थ्य मानक राष्ट्रीय स्तर से बहुत बेहतर हैं।