हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को मौसम के अलग रंग दिखे। रामपुर, पालमपुर और धर्मशाला के ऊपरी क्षेत्रों में बारिश और रोहड़ू में ओलावृष्टि हुई, जबकि सात जिलों ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर, सिरमौर और सोलन में गर्म हवाएं चलीं। मंगलवार को ऊना जिले में सुबह से प्रचंड गर्मी रही और दोपहर में लू चली। पालमपुर और धर्मशाला के ऊपरी क्षेत्रों में बारिश हुई। रोहड़ू में शाम को बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। अंधड़ के कारण कांगड़ा के योल बाजार में सड़क पर सफेदे का पेड़ टूटने से यातायात बाधित रहा। अंधड़ के चलते कई जगह जंगलों में लगी आग ने व्यापक रूप ले लिया।