हिमाचल प्रदेश में 14 अगस्त को राज्यस्तरीय वन महोत्सव आयोजित होगा। यह महोत्सव बिलासपुर वन मंडल के तहत घुमारवीं के निहारी में होगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू इसका शुभारंभ करेंगे। वन बल प्रमुख डॉ. संजय सूद ने यह जानकारी दी। महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री स्कूली बच्चों को पौधे वितरित करेंगे। वह वन संरक्षण के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों को भी पौधे देंगे। वन विभाग ने इस वर्ष 7 से 8 हजार हेक्टेयर भूमि पर 50 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य रखा है। इनमें से करीब 4 हजार हेक्टेयर पर राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के तहत पौधे लगाए जाएंगे। बरसात के मौसम में राज्य के विभिन्न वन मंडलों में पौधरोपण अभियान जोरों पर है। चिनार सहित अन्य प्रजातियों के पौधे भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार रोपे जा रहे हैं।