मोबाइल अचानक धीमा पड़ जाए, एप सामान्य तरीके से काम न करें या अनजान एप और पॉपअप दिखाई देने लगे तो इसे नजरअंदाज न करें। यह मालवेयर, संदिग्ध एप, बिना अनुमति मोबाइल तक पहुंच या अकाउंट सिंक्रोनाइजेशन में गड़बड़ी का संकेत हो सकता है। हालांकि, फोन का असामान्य व्यवहार दिखना अपने आप में वायरस या साइबर हमले का प्रमाण नहीं है। ऐसे में घबराने के बजाय सावधानी बरतते हुए मोबाइल को सुरक्षित करना जरूरी है। हिमाचल प्रदेश साइबर पुलिस के अनुसार मोबाइल का अचानक धीमा होना, अनजान एप का दिखना, बार-बार पॉप-अप आना, बैटरी या इंटरनेट डाटा का असामान्य रूप से अधिक इस्तेमाल होना अथवा ऑनलाइन खातों में बिना अनुमति गतिविधि दिखाई देना संभावित साइबर जोखिम की चेतावनी हो सकती है।
मोबाइल असामान्य व्यवहार करे तो घबराएं नहीं। एयरप्लेन मोड, वाईफाई और ब्लूटूथ बंद करें, अनजान एप और पॉपअप की जांच करें और अपने अकाउंट को सुरक्षित करें।— नरवीर सिंह राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, साइबर विशेषज्ञ