शहर के लिए फिलहाल आपूर्ति जारी
गिरि पेयजल परियोजना से शिमला शहर के लिए भी पानी की आपूर्ति होती है। इसमें जिस क्षेत्र में पानी में यह तरल पदार्थ देखा गया है, उससे चंद किलोमीटर आगे शिमला के लिए पानी की आपूर्ति देने के लिए पंपिंग स्टेशन बने हैं। हालांकि पेयजल कंपनी का कहना है कि अभी इस तरह की कोई शिकायत नहीं आई है। क्लोरिनेशन के बाद ही पानी की आपूर्ति शिमला शहर के लिए दी जाती है। इसके अलावा पानी के सैंपल भी लिए जा रहे हैं। जल शक्ति विभाग ने पुलिस को पत्र लिख दिया है। कंपनी भी एहतियात के तौर पर इस बारे में जिला प्रशासन और पुलिस को सूचित करेगी। कंपनी के कम्युनिकेशन एक्सपर्ट साहिल शर्मा का कहना है कि अभी गिरि पंपिंग स्टेशन पर पानी दूषित होने की सूचना नहीं है।
शिमला में भी हड़कंप जांच की मांग
गिरि पेयजल परियोजना के पानी में सफेद तरल पदार्थ बहने के वीडियो देखने के बाद शिमला शहर में भी हड़कंप मच गया है। लोगों ने पानी में छोड़े गए तरल पदार्थ की तुरंत जांच करने की मांग की है। हालांकि कम्पनी का कहना है कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। वहीं, लोगों का कहना है कि इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। यह लोगों की सेहत के लिए घातक भी साबित हो सकता है।
गिरि के पानी में सफेद तरल पदार्थ छोड़े जाने की सूचना के बाद इससे पानी की आपूर्ति रोक दी है। इससे वीरवार को कई इलाकों में पानी की आपूर्ति बाधित रह सकती है- महबूब शेख, सहायक अभियंता, जल शक्ति विभाग