रोजगार मेले में केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटते हुए।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
राजधानी के ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में मंगलवार को डाक विभाग की ओर से लगाए रोजगार मेले में 360 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री राम नाथ ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने प्रदेशभर से 360 युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को इस तरह के रोजगार मेले देशभर में 40 स्थानों पर करवाए गए। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न केन्द्रीय विभागों मे 51,000 से अधिक नवनियुक्त युवाओं को संबोधित कर उनका हौसला बढ़ाया। आईजीओटीकर्मयोगी पोर्टल पर 1400 से अधिक ई-लर्निंग पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं जो नई भर्तियों को अपनी भूमिका प्रभावी ढंग से निभाने और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में काम करने के लिए आवश्यक कौशल से लैस करेंगे।
इस अवसर पर पोस्टल सर्विस के निदेशक बिशन सिंह, राज्यसभा सदस्य सिकंदर कुमार, एसएलबीसी के इंचार्ज पंकज शर्मा, एसजेवीएनएल के डीजीएम अंशु शर्मा मौजूद रहे।