हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड अक्तूबर में शैक्षणिक सत्र 2025-26 की सबद्धता के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करेगा। इस दौरान नवंबर में प्राप्त आवेदनों पर संस्थानों का निरीक्षण किया जाएगा। जनवरी 2025 में बोर्ड कार्यालय की ओर से संस्थानों के आवेदनों पर लिए गए निर्णय बारे उन्हें सूचित किया जाएगा। शिक्षा बोर्ड ने सत्र 2025-26 के लिए कक्षा नौवीं से जमा दो की नवीनीकरण संबद्धता, कक्षा स्तरोन्नत और नई संबद्धता प्राप्त करने के लिए निजी शिक्षण संस्थानों से अक्तूबर में आवेदन लेगा।
इस संबद्धता के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की तिथि पहली से 31 अक्तूबर तक निर्धारित की गई है। इस दौरान संस्थानों को निर्धारित की गई तिथि के तहत संबद्धता के लिए समस्त दस्तावेज ऑनलाइन ही बोर्ड की ओर से संबद्धता के लिए आवेदन करने के लिए दिए गए लिंक के माध्यम से अपलोड करने होंगे तथा संबद्धता शुल्क भी सभी आवेदनकर्ता, संस्थानों की ओर से ऑनलाइन पेमेंट गेटवे के माध्यम से जमा करवाना होगा।
इस संदर्भ में स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि शैक्षणिक संबद्धता के लिए अक्तूबर में आवेदन मांगे जा रहे हैं। इसके लिए इच्छुक संस्थानों को ऑनलाइन ही आवेदन करना होगा।