लोक निर्माण विभाग ने मानसून सीजन के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंगलवार को विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने निर्देश दिए कि विभाग किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए युद्धस्तर पर तैयार रहे। मंत्री ने बताया कि प्रदेशभर में लगभग 15,500 कर्मचारी सड़क संपर्क बहाल करने के लिए तैनात हैं। इनमें 11,137 बेलदार और 4,228 मल्टी टास्क वर्कर शामिल हैं। इनके साथ 1,156 विभागीय और निजी मशीनरी भी चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेंगी। इनमें जेसीबी, डोजर, रोबोट और टिप्पर जैसी मशीनें शामिल हैं। आपात परिस्थितियों में त्वरित संपर्क बहाली के लिए छह बेली ब्रिज भी तैयार रखे गए हैं।