पुरुष वर्ग में अरमान ठाकुर भी 55-60 किग्रा में 0-5 से मुकाबला हार गए। महिला वर्ग के 51-54 किग्रा में राधिका ने पश्चिम बंगाल की मेघा साहू को दूसरे राउंड में हराया। पुरुष वर्ग में 65-70 किग्रा में चिराग ने केरल के लेयोन अब्राहम को 5-0 से हराकर जीत हासिल की। अन्य मुकाबलों में योगिता गुलेरिया, अंतरा ठाकुर और अनन्या ठाकुर को हार का सामना करना पड़ा। पुरुष वर्ग में निखिल कुमार और पवित्र हरजोत सिंह भी अपने मुकाबले नहीं जीत सके। 70-75 किग्रा में सौरव ठाकुर को करीबी मुकाबले में 2-3 से हार झेलनी पड़ी। कुल मिलाकर हिमाचल के खिलाड़ियों ने शानदार जीत दर्ज की लेकिन कई मुकाबलों में हार भी मिली।
चैहड़ दंगल में 18 को, देश के नामी पहलवान दिखाएंगे दम 1.51 लाख की इनामी राशि
वहीं बिलासपुर के चैहड़ दंगल 18 अप्रैल को होगा। इसमें देशभर के नामी पहलवान दाव-पेंच का प्रदर्शन करेंगे। दंगल कमेटी के प्रधान जोगिंद्र जोगी, उपप्रधान दिनेश ठाकुर उर्फ लकी, सचिव कमल ठाकुर, अखाड़ा संचालक प्रेम वशिष्ठ भुट्टो और संरक्षक हरिया राम ने बताया कि चैहड़ दंगल अब केवल स्थानीय आयोजन नहीं रहा, बल्कि उत्तर भारत के बड़े दंगलों में अलग पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि इस बार आयोजन पहले से अधिक भव्य और प्रतिस्पर्धात्मक होगा। इस बार मराठा पहलवान मुख्य आकर्षण होंगे। महाराष्ट्र के उप महाराष्ट्र केसरी साकेत यादव, ट्रिपल महाराष्ट्र केसरी बालू बोडके और उत्तर भारत केसरी राहुल भगवान शूल विशेष रूप से भाग लेंगे। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई राष्ट्रीय स्तर के पहलवान भी अखाड़े में उतरेंगे। इससे मुकाबले रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है।
दंगल का शुभारंभ शिवा एजुकेशन सोसायटी के प्रबंध निदेशक इंजीनियर पुरुषोत्तम शर्मा करेंगे, जबकि समापन समारोह में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी मुख्य अतिथि होंगे। प्रतियोगिता को तीन वर्गों में बांटा गया है। चैहड़ कुमार वर्ग में अंडर-19 आयु वर्ग के पहलवान भाग लेंगे। इसमें हिमाचल के किसी भी क्षेत्र से प्रतिभागी हिस्सा ले सकते हैं। विजेता को 11 हजार रुपये और उपविजेता को 7100 रुपये दिए जाएंगे। हिम कुमार वर्ग में विजेता को 31 हजार रुपये और उपविजेता को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। सबसे बड़ा आकर्षण चैहड़ सम्राट कुश्ती रहेगी। इसमें विजेता को एक लाख 51 हजार रुपये और उपविजेता को एक लाख एक हजार रुपये की इनामी राशि दी जाएगी। इतनी बड़ी इनामी राशि के चलते यह दंगल प्रदेश का सबसे प्रतिष्ठित आयोजन माना जाता है। इस बार आयोजन में अहम बदलाव किया गया है। मुख्य कुश्तियां एक समय में एक ही कराई जाएगी ताकि दर्शक हर मुकाबले का पूरा आनंद ले सकें। दंगल कमेटी ने प्रदेशभर के लोगों से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन का हिस्सा बनने और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।