हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के उपमंडल रामपुर में जंगली जानवरों के हमले थमने का नाम नहीं ले रहे। मंगलवार रात को उपमंडल की बाहली पंचायत के नेहरा गांव में एक तेंदुए ने कमरे में घुसकर महिला पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में महिला के सिर पर गंभीर जख्म हुए हैं। महिला को उपचार के लिए रामपुर के खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा स्थापित करने और तेंदुए पर नजर बनाए रखने के लिए गश्त करने की मांग उठाई है। बाहली पंचायत के नेहरा गांव में मंगलवार रात करीब दो बजे उस समय अफरातफरी मच गई, जब शौचालय से अपने कमरे लौट रही 62 वर्षीय महिला पर तेंदुए ने हमला कर दिया।
बाहली पंचायत में तेंदुए के हमले की सूचना मिली है। पीड़ित महिला को फौरी राहत जारी की गई है और नियमानुसार मुआवजा जारी किया जाएगा। मौके पर वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश कर रही है। पिंजरा स्थापित किया जा रहा है। ग्रामीण सतर्क रहें और तेंदुआ दिखने पर तुरंत विभाग को सूचित करें। - गुरहर्ष सिंह, डीएफओ, वन विभाग रामपुर