हिमाचल प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग ने स्कूलों में खाली हेडमास्टरों के पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए निदेशालय ने सभी स्कूलों के प्रिंसिपलों और हेडमास्टरों से पात्र टीजीटी शिक्षकों की डिटेल मांगी है।
इसमें पदोन्नति के लिए हेडमास्टर की आप्शन लेने वाले शिक्षक ही पात्र होंगे, जिन शिक्षकों ने स्कूल लेक्चरर के लिए आप्शन दी होगी, वह इसके लिए पात्र नहीं होंगे।
इनके अलावा वह प्रमोटी लेक्चरर जिन्होंने इस पद के लिए आप्शन नहीं दी थी, वह भी आवेदन कर सकेंगे। इन्हें स्कूल के मुखिया से अपने आवेदन को सत्यापित करवा कर निदेशालय भेजने होंगे।
प्रदेश में प्रिंसिपल पद पर हेडमास्टरों की पदोन्नति के बाद लगभग 300 पद खाली हो गए हैं। इससे पहले ही ढाई सौ से ज्यादा पद खाली पड़े हैं।
इन सभी पदों को भरने के लिए अब विभाग ने टीजीटी वर्ग के शिक्षकों से हेडमास्टरों के पद भरने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए फिलहाल स्कूलों से आवेदन मांगे जा रहे हैं।
इन आवेदनों के पहुंचने के बाद विभाग की ओर से आगामी कार्रवाई की जाएगी। स्कूलों से आवेदन पहुंचने के बाद विभाग की ओर से विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक कर इनकी प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।
निदेशक उच्च शिक्षा दिनकर बुराथोकी की ओर से सभी स्कूलों के प्रिंसिपलों और हेडमास्टरों को इसके निर्देश जारी कर दिए हैं। इन सभी को 15 नवंबर तक निदेशालय में आवेदन भिजवाने होंगे।