हमीरपुर जिले में हाल ही में चिट्टा तस्करी से जुड़े बड़े आरोपियों को दबोचने में सफलता मिली है। लाखों रुपये के चिट्टे के साथ एक नहीं बल्कि कई आरोपियों को जिला के विभिन्न थानों के तहत पुलिस ने धरा है। इस आरोपियों के बाहरी राज्यों के तस्करों से तार जुड़े हैं। इतना ही नहीं आरोपी तस्करी गैंग के संपर्क में पाए गए हैं जो कि शिमला सहित प्रदेश के कई जिलों में ऑपरेट कर रही है। आरोपियों से पूछताछ और जांच में तस्करी को लेकर अहम खुलासे हुए हैं।
दरअसल चिट्टा तस्करी करने वाले शातिर पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए व्हाट्सएप पर तस्करी का नेटवर्क चला रहे हैं। यह आरोपी एक दूसरे को भुगतान भी कैश में कर रहे हैं ताकि बैंकिंग लेनदेन साबित न हो और पुलिस जांच में तस्करी साबित न हो। भोरंज थाना के तहत पकड़े गए एक मामले में जांच में ऐसे ही खुलासे हुए हैं। सेऊ गांव निवासी आरोपी संजय से 130 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। आरोपी ने नकदी देकर इस चिट्टे को खरीदा था।