दिल्ली से मनाली घूमने आए सुनील और नेहा ने कहा कि वे करीब एक सप्ताह पहले आए थे। भारी बारिश के कारण फंस गए। तबाही होने से पहले रायसन क्षेत्र तक आ गए थे। इसके बाद यहां फंस गए। अब मौसम साफ होने पर कुछ किलोमीटर का सफर छोटे वाहन से किया। जहां सड़क खराब है, वहां से कई किलोमीटर तक पैदल चले। मनाली क्षेत्र में मजदूरी करने आए नेपाल के नीमा, सोमन और राजू ने कहा कि बड़ी मुश्किल से मंडी से कुल्लू पहुंचे हैं। यहां से आगे भी पैदल सफर करना पड़ रहा है। सोने और खाना बनाने का सामान सिर और पीठ पर उठाकर मनाली की ओर निकले हैं।
कुल्लू में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान
कुल्लू-मनाली में हुई भारी बारिश के कारण 26 अगस्त को 28 मकान, दुकानें, रेस्टोरेंट, गौशाला सहित खोखों को नुकसान हुआ है। इसमें कुल्लू में तीन दुकानें, दो नवनिर्मित मकान, दो सुरक्षा दीवार, तीन गौशालाएं क्षतिग्रस्त और दो को आंशिक रूप को से नुकसान हुआ है। इसके अलावा मनाली में दो रेस्टोरेंट, एक घर व 10 खोखों को नुकसान हुआ है। मनाली के वशिष्ठ चौक से मनाली ब्रिज तक बीआरओ की सड़क को नुकसान हुआ है। कुल्लू के अतिरिक्त उपायुक्त अश्वनी कुमार ने बताया कि जिला में बरसात से करीब 100 करोड़ रुपये का नुकसान आंका गया है। लेकिन 26 अगस्त को हुए तबाही के नुकसान का आकलन किया जा रहा है। जिस कारण नुकसान का आंकड़ा बहुत बढ़ जाएगा। प्रशासन ने राजस्व विभाग से रिपेार्ट मांगी है।