छह दिन बाद मंगलवार को शिमला के जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट से हवाई सेवाएं शुरू हो गईं। दिल्ली से 23 यात्रियों को लेकर एलायंस एयर का विमान शिमला पहुंचा। शिमला से दिल्ली के लिए फ्लाइट में 8 यात्री रवाना हुए। शिमला से अमृतसर के लिए यात्री न होने के कारण फ्लाइट रद्द हो गई। बुधवार को दिल्ली से शिमला आने वाली फ्लाइट गगल भी रवाना होगी।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद हाईअलर्ट के चलते शिमला से हवाई सेवाएं बंद कर दी गई थीं। हवाई सेवा बहाल होने के बाद दिल्ली से शिमला और शिमला से दिल्ली के लिए रोजाना उड़ाने होंगी। शिमला से धर्मशाला के लिए बुधवार से उड़ानें शुरू होंगी। उधर, जिला कुल्लू का भुंतर हवाई अड्डा बेशक सीजफायर के बाद हवाई सेवाओं के लिए बहाल हो गया है, लेकिन मंगलवार को दूसरे दिन भी यहां से कोई उड़ान नहीं हो सकी। मंगलवार को देहरादून से भुंतर और जयपुर से भुंतर के लिए दो उड़ानें होती हैं।
बताया जा रहा है कि परिचालन संबंधी कारणों से अभी कंपनियों ने उड़ानें शुरू नहीं की हैं। एक-दो दिन में भुंतर एयरपोर्ट के लिए होने वाली सभी नियमित उड़ानें शुरू होने की उम्मीद है। उधर, पर्यटन सीजन को देखते हुए पर्यटन कारोबारियों ने भुंतर हवाई अड्डे के लिए जल्द हवाई उड़ानों को शुरू करने की मांग की है। फेडरेशन ऑफ हिमाचल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर ने कहा कि इससे पर्यटन कारोबार को भी नुकसान हो रहा है। सीजफायर के बाद अब उड़ानों को शुरू किया जाना चाहिए। भुंतर एयरपोर्ट अथॉरिटी के निदेशक सिद्धार्थ कदम्ब ने कहा कि हवाई अड्डा बहाल कर दिया गया है। हालांकि, उड़ानें अभी शुरू नहीं हो सकी हैं।