एचआरटीसी कर्मियों की मांगें हल करने के लिए बनाई जाएगी कमेटी
एचआरटीसी के कर्मियों की मांगों को हल करने के लिए मुख्यालय स्तर पर कमेटी बनेगी। शनिवार को परिवहन कर्मचारी महासंघ इंटक के साथ बैठक में प्रबंध निदेशक रोहनचंद ठाकुर ने कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मियों को चरणबद्ध तरीके से लंबित रात्रि भत्ता और ओवरटाइम जारी करने का भी आश्वासन दिया। वहीं, चालक-परिचालकों के वेतन विसंगति मामले को वित्त विभाग को भेजने का फैसला लिया गया।
इंटक के प्रदेश अध्यक्ष उमेश शर्मा ने बताया कि प्रबंधन ने नियमितीकरण के लिए दोबारा दस्तावेज जमा करवाने की औपचारिकता खत्म करने, चालक परिचालकों को साप्ताहिक अवकाश देने को नीति बनाने, डीजल की अधिक खपत के कारण चालकों से की जा रही रिकवरी के मामले पर पुर्नविचार, सेवानिवृत्ति से छह महीने पहले किसी भी कर्मचारी को विभागीय ट्रेनिंग के लिए नामित न करने का आश्वासन दिया। बैठक में निगम प्रबंधन से महाप्रबंधक पवन महाजन, मंडलीय प्रबंधक देवा सेन नेगी, इंटक से नासिर मोहमद, देश राज, संजीव ठाकुर, चेत राम नायक, जग्रेश्वर सिंह, जमील खान, धनी राम, पवन सोनी, पवन सेन, खेम सिंह, अजय मौजूद रहे।
सीएम से उठाएंगे वेतनमान और भत्तों की अदायगी का मामला
परिवहन निगम के गठन के 50 साल पूरे होने पर 2 अक्तूबर को शिमला में हो रहे समारोह में इंटक के पदाधिकारी सीएम और उप मुख्यमंत्री के समक्ष मांगें उठाएंगे। इंटक के प्रदेश अध्यक्ष उमेश शर्मा ने बताया कि एचआरटीसी कर्मियों को नए वेतनमान का लाभ और लंबित भत्तों की अदायगी की मांग उठाई जाएगी।