नेरवा के एक कारोबारी के साथ ऑनलाइन सामान बेचने के मामले में शातिर ने साइबर ठगी को अंजाम दिया है। कई बार फोन पर कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर शातिर ने कारोबारी को फोन किया और पैसे मांगता रहा। हालांकि, कारोबारी के साथ 9000 रुपये की ही ठगी हुई है। शातिर कारोबारी को कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर और अपने झांसे में लेता, कारोबारी ने सतर्कता बरती और थाने में शिकायत दे दी।
पुलिस को दी शिकायत में नेरवा बाजार में कॉस्मेटिक की दुकान के मालिक धीरज ठाकुर ने बताया कि गुजरात के वडोदरा जिले के टनडालजा शहर से एक अज्ञात व्यक्ति का उसे कॉल आया। उस व्यक्ति ने खुद को रिबोन नेचुरलस नाम की एक कंपनी का प्रतिनिधि बताया और उसने कॉस्मेटिक के प्रोडक्ट ऑनलाइन बेचने की बात कही। इसके कुछ दिन बाद धीरज के पते पर डाक के जरिये एक पार्सल भेजा गया। उस दिन धीरज दुकान पर नहीं था। उसके पिता ने पार्सल ले लिया। पार्सल लेने के एक दो दिन बाद उस व्यक्ति ने धीरज को 1800 रुपये भेजने को कहा।
धीरज ने उसे बताया कि उसने तो कोई ऑर्डर ही नहीं दिया है और न ही वह इस कंपनी के प्रोडक्ट्स बेचता है और वह समान वापस भेज रहा है। इस पर उसने कहा कि चाहे वह सामान वापस भेज भी देगा, तो भी उसे 1800 रुपये तो देने ही पड़ेंगे। डरा धमका कर ठग ने उसे 1800 रुपये भेजने को मजबूर कर दिया। उसने उस व्यक्ति को ऑनलाइन पेमेंट की।
इसके बाद उसे एक नोटिस भेजा गया, जिसमें लिखा था कि आपके ऑर्डर के अनुसार 24 मार्च 2025 को उसे पार्सल के माध्यम से सामान भेजा गया था। कंपनी के नियम व शर्तों के मुताबिक आपको दो दिनों के भीतर पेमेंट करनी थी या दो दिनों में पार्सल रिटर्न करना था, लेकिन आपने ऐसा नहीं किया। इस कारण आपको कंपनी की पॉलिसी के अनुसार समय पर भुगतान न करने के कारण 990 रुपये लेट पेनल्टी और कानूनी कार्रवाई शुरू करने का 2,500 रुपये देना पड़ेगा, जो करीब 3,490 रुपये बनता है। उस व्यक्ति ने कुल 4,300 रुपये भेजने को कहा।
शिकायतकर्ता ने यह पेमेंट भी कर दी। शातिर ने फिर एक ओर नोटिस भेजा। इसमें लिखा था कि आपने नोटिस की अवधि समाप्त होने के बावजूद पैसा नहीं भेजा है, इसलिए आपके खिलाफ पुलिस में शिकायत करनी पड़ रही है और आपके खिलाफ वकील नियुक्त करना पड़ रहा है। कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाने का चार्ज 5,000 रुपये है। आगे लिखा गया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आपको कंपनी से समझौता कर लेना चाहिए और कंपनी के नंबर 9825877731 पर 9,300 रुपये जमा करवा देने चाहिए। साथ ही उसने कंपनी के लीगल मैनेजर प्रदीप कुमार नाम के व्यक्ति के नंबर 7202866843 नंबर पर संपर्क करने की सलाह दी।
पीड़ित ने मामला निपटाने के चक्कर में 9,300 की पेमेंट भी ऑनलाइन कर दी। उसके बाद भी उसे धमकाया जाने लगा। इस पर पीड़ित को एहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हो रही है। इसके बाद पीड़ित कारोबारी धीरज ने थाना नेरवा में जाकर पुलिस को पूरे प्रकरण से अवगत करवाया। पुलिस ने कंपनी के दिए नंबर पर संपर्क कर उन्हें धीरज को न धमकाने की हिदायत दी। इसके बावजूद शातिर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। धीरज को रोज फोन पर धमका रहे हैं।
शिकायत दर्ज
नेरवा थाना प्रभारी विशाल राठौर ने बताया कि मामले की शिकायत दर्ज कर ली है। धीरज को समझा दिया गया है कि शातिरों को पैसे भेजने की कोई आवश्यकता नहीं है।