उन्होंने कहा कि अगले चुनाव में प्रदेश में पार्टी का वोट प्रतिशत 10 फीसदी बढ़ाने की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। जल्द ही मंत्रिमंडल के सहयोगियों से इसे लेकर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिना संगठन के इतने लोग आ गए हैं, संगठन बन जाएगा तो क्या होगा। वोट चोरी रोकने के लिए हमें अपने बीएलओ को एक्टिव करना पड़ेगा। सुनिश्चित करना होगा कि ऐसा न हो कि एक ही वोटर शिमला शहर में और गांव में दोनों जगह वोट डाले। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कैबिनेट के अनुरोध को दरकिनार कर राजभवन ने विज्ञापन की तिथि आगे बढ़ा दी।
कई बिल विधानसभा से पास होने के बावजूद महीनों से राजभवन में लंबित हैं, सरकार सुप्रीम कोर्ट के फैसले का भी इंतजार कर रही है। कहा कि वाइस चांसलर की नियुक्ति के लिए बिना सरकार को जानकारी दिए राजभवन ने विज्ञापन जारी कर दिया, कैबिनेट के अनुरोध को दरकिनार कर विज्ञापन की तिथि आगे बढ़ा दी। मुख्यमंत्री ने कहा, आज हमारे सामने चुनौतियां हैं और मुझे चुनौतियों से लड़ने में मजा आता है।
संगठन न होने से सरकार के काम आम लोगों तक नहीं पहुंच रहे। जंगल में मोर नाचा, किसने देखा... जैसी स्थिति बनी हुई है। केंद्र सरकार की मनमानी के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलेगा। राहुल गांधी भाजपा के वोट चोरी की पोल सबूतों के साथ खोल रहे हैं। भाजपा चुनी हुई सरकारों पर डाका डालने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस में मौजूद भाजपा के स्लीपर सेल ने सरकार को गिराने की नाकाम कोशिश की, लेकिन कांग्रेस के विधायकों की संख्या फिर से 40 हो गई। इस अवसर पर प्रदेश सह प्रभारी विदित चौधरी और चेतन चौहान, सभी कैबिनेट मंत्री, विधायक और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।