मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक और लाहौल-स्पिति में दो आदर्श स्वास्थ्य संस्थान स्थापित करने का निर्णय लिया है। इन 69 आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों से 49 संस्थान बन कर तैयार हो गए हैं। प्रत्येक आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों में 4 से 6 विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात किए जाएंगे। वर्तमान में 20 आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों डायलिसिस में सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में राज्य सरकार ने शेष 49 अस्पतालों में 45 करोड़ रुपये की लागत से डायलिसिस सुविधा आरंभ करने का निर्णय लिया है। इस वर्ष 11 आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों में ब्लड स्टोरेज यूनिट स्थापित किए जाएंगे।
जायका के सहयोग से प्रदेश के सभी चिकित्सा महाविद्यालयों एवं आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों में विश्वस्तरीय उपचार सुविधा प्रदान करने के लिए 1,700 करोड़ रुपये से अत्याधुनिक उपकरण खरीदने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा, कैंसर मरीजों को निःशुल्क उपचार की सुविधा सहित सहित 42 प्रकार की दवाइयां मुफ्त प्रदान की जा रही हैं, जिसमें ट्रासटूजूंब टीका भी शामिल है, जिसकी कीमत लगभग 40 हजार रुपये है। कैंसर के मरीज को एक वर्ष में ऐसे 18 टीके लगते हैं और प्रदेश सरकार यह टीका प्रदान करने के लिए एक मरीज पर लगभग 7 लाख रुपये व्यय कर रही है।