लाहौल घाटी के किसानों की मेहनत और संघर्ष से खड़ा हुआ चंद्रमुखी होटल आर्थिक संकट में घिर गया है। कांगड़ा कोऑपरेटिव बैंक ने लगभग 10 करोड़ रुपये की देनदारी के चलते होटल को नीलाम करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। किसानों का कहना है कि यदि यह होटल बिक गया तो लाहौल की कृषि अर्थव्यवस्था को गहरी चोट पहुंचेगी।
करीब 32 कमरों वाला यह होटल लाहौल पोटैटो सोसायटी (एलपीएस) का प्रमुख आय स्रोत माना जाता है। एलपीएस ने कई वर्ष पहले कांगड़ा कोऑपरेटिव बैंक से करीब 6.20 करोड़ का कर्ज लिया था। बैंक की देनदारी करीब नौ से दस करोड़ हो गई है। कर्ज समय पर अदा न होने के कारण ब्याज सहित एलपीएस को प्रतिमाह लगभग सवा एक करोड़ रुपये चुकाने पड़ रहे थे। समय पर किस्तें अदा न होने के कारण बैंक प्रबंधन इस संपत्ति की नीलामी करने जा रहा है।