हिमकेयर में 419.17 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित
मुख्यमंत्री हिमकेयर योजना में 3,27,818 परिवार पंजीकृत हैं और 2,00,213 मरीजों का उपचार किया गया है। अस्पतालों को अब तक 450.10 करोड़ रुपये दिए गए हैं, जबकि 419.17 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित है। सरकार ने दिसंबर 2022 से अब तक योजना के लिए 777.96 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है। वर्ष 2026-27 के लिए 173.88 करोड़ रुपये रखे गए हैं।
228 डॉक्टरों समेत 1500 से अधिक पद भरने की प्रक्रिया शुरू
चिकित्सा अधिकारियों के 228 पद भरने के लिए 15 सितंबर को लोक सेवा आयोग को मांग पत्र भेजा गया है। इसके अलावा 200 स्टाफ नर्स, 600 सहायक स्टाफ नर्स, 45 फार्मेसी ऑफिसर, 41 मेडिकल लैब तकनीशियन, 60 रेडियोग्राफर और 13 जूनियर टेक्नीशियन असिस्टेंट के पद भरने की प्रक्रिया चल रही है। जांच सुविधाओं के विस्तार के लिए 37 एक्स-रे और 26 अल्ट्रासाउंड मशीनें खरीदी जा रही हैं। 22 आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों में अल्ट्रासाउंड और आठ में एक्स-रे मशीनें स्थापित हो चुकी हैं। वहीं, क्रस्ना डायग्नोस्टिक्स के साथ पीपीपी मोड में 34 संस्थानों में सीटी स्कैन मशीनें लगाने का समझौता हुआ है। इनमें पांच जगह 128 स्लाइस और 29 जगह 16 स्लाइस की मशीनें लगेंगी।
प्रदेश में 145 आउटसोर्स कंपनियों का खुलासा, 23 विभागों ने नहीं दिया ब्योरा
प्रदेश के सरकारी विभागों, बोर्डों और निगमों में अब तक 145 आउटसोर्स कंपनियों और एजेंसियों की पुष्टि हुई है। प्रदेश में इनकी वास्तविक संख्या इससे अधिक हो सकती है, क्योंकि अभी 23 विभागों, बोर्डों और निगमों ने सरकार को जानकारी उपलब्ध नहीं करवाई है। अब तक 85 संस्थानों से मिली सूचना के आधार पर यह आंकड़ा सामने आया है। उद्योग मंत्री हर्ष वर्धन चौहान ने यह जानकारी धर्मशाला भाजपा विधायक सुधीर शर्मा की ओर से पूछे गए प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।
अंतरराष्ट्रीय कलाकारों की हवाई यात्रा पर खर्च किए 24.17 लाख
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा-2026 में आमंत्रित अंतरराष्ट्रीय कलाकारों की हवाई यात्रा पर 24.17 लाख रुपये खर्च किए गए। इसके अलावा विदेशी सांस्कृतिक दलों के प्रदर्शन और कोरियोग्राफी के लिए 10 लाख रुपये जारी किए गए। उत्सव में देश और प्रदेश के कलाकारों को भी लाखों रुपये की परफॉर्मेंस फीस दी गई। विधानसभा में आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार की ओर से पूछे गए प्रश्न के लिखित जवाब में यह जानकारी सामने आई है। यह जवाब उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की ओर से दिया गया है। कलाकारों को दी गई परफॉर्मेंस फीस के विवरण के अनुसार डॉ. सतिंदर सरताज को सर्वाधिक 35.40 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई। सलमान अली को 10.65 लाख, रोहन प्रीत को 9.69 लाख और ममता जोशी को 5.30 लाख रुपये दिए गए। राजीव राजा को 3.40 लाख और क्वीन ऑफ हिल्स फैशन शो को तीन लाख रुपये की राशि दी गई। अभिज्ञा बैंड को 1.75 लाख रुपये मिले। एक लाख रुपये से अधिक मानदेय पाने वालों में सुनील राणा, अजय चौहान, कुमार साहिल, अनुज शर्मा, रमेश ठाकुर, ठाकुर दास राठी, खुशबू भारद्वाज, कुशल वर्मा और कुलदीप शर्मा शामिल हैं। इन सभी को डेढ़-डेढ़ लाख रुपये की राशि दी गई। फिरदौस बैंड और लमन बैंड को 1.20-1.20 लाख रुपये दिए गए।
देवी-देवताओं और बजंतरियों को 1.41 करोड़
उत्सव में शामिल 286 देवी-देवताओं को 76,65,598 रुपये नजराना दिया गया, जबकि बजंतरियों को 65,28,192 रुपये मानदेय के रूप में दिए गए। दोनों मदों में कुल 1,41,93,790 रुपये खर्च हुए। 21 से 27 अक्तूबर तक अतिथियों और कलाकारों के ठहरने के लिए 24 होटल बुक किए गए थे। उत्सव समिति के व्यय विवरण के अनुसार जीएसटी के रूप में 1,74,84,667 रुपये जमा किए गए। रेडक्रॉस सोसायटी को तंबोला की हिस्सेदारी के रूप में 90,04,661 रुपये जारी किए गए। होमगार्ड जवानों पर 18.29 लाख और खेल गतिविधियों पर 15 लाख रुपये खर्च किए गए। दशहरा-2026 के आयोजन के लिए राज्य और केंद्र सरकार से कोई धनराशि स्वीकृत नहीं हुई। समिति के खर्च का लेखा परीक्षण वित्तीय वर्ष समाप्त होने के बाद अधिकृत चार्टर्ड अकाउंटेंट से करवाया जाता है। सरकार के जवाब के अनुसार समिति की कोई अनियमितता लंबित नहीं है।
जाति प्रमाणपत्र में हिंदू गुज्जर ही रहेगा दर्ज, सरकार का बदलाव से इन्कार
प्रदेश में जाति प्रमाणपत्रों में हिंदू गुज्जर के स्थान पर केवल गुज्जर लिखने की मांग पर सरकार ने बदलाव से इन्कार कर दिया है। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने यह जानकारी विधायक हरदीप बाबा की ओर से पूछे गए प्रश्न के लिखित जवाब में दी। मंत्री ने कहा कि सरकार ने जाति प्रमाणपत्रों में गुज्जर के स्थान पर हिंदू गुज्जर दर्ज करने के लिए कोई अधिसूचना नहीं है हालांकि, 13 जनवरी 2017 को जारी विभागीय पत्र के माध्यम से राजस्व रिकॉर्ड में राजपूत गुज्जर के स्थान पर हिंदू गुज्जर दर्ज करने के निर्देश दिए गए थे। सभी उपायुक्तों को निर्धारित प्रक्रिया अपनाकर राजस्व अभिलेखों में यह दुरुस्ती करने को कहा गया था।