हिमाचल के सिरमौर जिले में सोमवार रात भारी बारिश ने कई हिस्सों में तबाही मचा दी। किसानों की सैकड़ों बीघा उपजाऊ जमीन में फसलें बह गईं। सुंकर और सुदोवाला नाले में उफान से कई घरों में पानी घुस गया। दर्जनों झोपड़ियां बह गईं।
खौफ के चलते लोगों ने रात जागकर काटी। सुंकर नदी के तेज बहाव से धौलाकुआं-गिरिनगर मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त गया। दर्जन भर से ज्यादा पैदल मार्ग टूट चुके हैं।
पांवटा ब्लाक की ग्राम पंचायत कोलर में मूसलाधार बारिश के बाद बरसाती नालों ने तबाही मचा दी है। ग्राम फांदी बोडीवाला में बरसाती खड़्ड ने उपजाऊ जमीन तथा नगदी फसलों को भारी क्षति पहुंचाई है।
उधर, सोलन-मीनस मार्ग पर चुनवी नाले के समीप भूस्खलन हो जाने के कारण मार्ग तीन घंटे तक बंद रहा। पालर-पीड़ियाधार मार्ग भी भजौण के पास मलबा तथा पत्थर आने से सुबह 10 बजे तक बंद रहा। बस सेवा भी प्रभावित हुई।
जगह-जगह मलबा व पत्थर गिरने से मार्ग अवरुद्ध रहा। इस दौरान निगम की लंबे रूट की बसों सहित कई निजी वाहन फंसे रहे।