पुलिस थाना सुजानपुर के अंतर्गत बुधवार को ब्यास पुल से कूदे युवक का शुक्रवार को भी कोई सुराग नहीं लग पाया। लापता युवक की तलाश सुजानपुर थाना पुलिस और लंबा गांव पुलिस कर रही है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
इसी दिन अभिषेक (17) पुत्र प्यार चंद निवासी भटाला, जयसिंहपुर भी घर से गायब है। अभिषेक का कद और कपड़े कूदे युवक की तरह बताए जा रहे हैं। ऐसे में पुलिस संदेह जता रही है कि अभिषेक ने ही पुल से छलांग लगाई है, लेकिन युवक के मिलने के बाद ही इस बारे में पुलिस कह सकेगी।
अश्वनी कुमार निवासी सुजानपुर ने पुलिस को बताया थी कि बुधवार को करीब सवा तीन बजे वह सुजानपुर से आलमपुर की तरफ बाइक पर जा रहा था। इस दौरान एक युवक पुल पर लाल रंग का बैग लेकर खड़ा था। उसने काले रंग की कमीज पहन रखी थी।
युवक ने अचानक पुल से छलांग लगा दी। उसकी उम्र करीब 16-17 साल और कद साढ़े पांच फीट के करीब था। लोगों ने शोर मचाया तो उसने लोगों के साथ युवक को करीब 200 मीटर तक पानी में बहते देखा। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी।
पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर युवक की तलाश शुरू कर दी लेकिन अब तक युवक का पता नहीं चल पाया। उधर पुलिस चौकी जयसिंहपुर में इसी दिन अभिषेक के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज हुई है।
अभिषेक के परिजनों का कहना है कि उसने लाल रंग की कमीज पहनी थी और उसका कद साढ़े पांच फीट के करीब है।
थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार का कहना है कि पुलिस युवक की तलाश कर रही है। लंबा गांव चौकी में एक युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई है।