हमीरपुर कॉलेज में नेताजी की जयंती पर आयोजित संगोष्ठी में मौजूद शिक्षाविद् व अन्य।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। भाषा एवं संस्कृति विभाग ने आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती एवं पराक्रम दिवस के उपलक्ष्य पर संगोष्ठी का आयोजन नेताजी स्मारक राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में किया। परिसर में नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। बतौर मुख्यातिथि वरिष्ठ लेखक एवं सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. रमेश चंद शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि नेताजी का संपूर्ण जीवन त्याग, बलिदान और संघर्ष का रहा है।
उन्होंने देश को सर्वोपरि मानते हुए देश को आजाद करवाने के लिए आजाद हिंद फौज की स्थापना की। इससे पहले कार्यक्रम के शुभारंभ पर दीनाक्षी शर्मा ने देश भक्ति की कविता बहुत फर्क है... प्रस्तुत की। कार्यक्रम के अध्यक्ष महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. मधुरस्वर मिश्रा ने नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व त्याग दिया। जिला भाषा अधिकारी हमीरपुर ने नेताजी के विद्यार्थी जीवन के प्रसंगों पर प्रकाश डालते हुए उनके क्रांतिकारी विचारों पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि नेताजी के जीवन के बहुमूल्य आदर्शों को आत्मसात कर उनके आदर्शों पर चलना ही नेताजी के लिए वास्तव में सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम संयोजक डॉ. राकेश कुमार शर्मा ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस और आजाद हिंद फौज के कार्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम आयोजन सचिव संजय कुमार ने मंच संचालन किया और सभी का धन्यवाद किया। कार्यक्रम में डॉ. अमरजीत अत्री, प्रो. मनोज कौंडल, प्रो. रवि दत्त, राजेंद्र कुमार, राकेश कुमार, प्रवीण कुमार, रमनदीप, मनीष कुमार और सौरभ ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।