विकास की बात
सड़क के सुधारीकरण कार्य पर खर्च होंगे नौ करोड़ रुपये
जल्द चकाचक होगी सड़क, 50 फीसदी कार्य पूरा
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। अणु से बड़ू वाया मोहीं सड़क जल्द चकाचक होगी। सड़क को अपग्रेड करने का करीब 50 फीसदी पूर्ण हो गया है। लोक निर्माण विभाग ने सड़क के विस्तारीकरण कार्य को तीन से चार माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा है। सड़क की चौड़ाई अब पांच मीटर होगी। इससे वाहन चालकों को पास लेने में भी दिक्कत नहीं होगी।
सड़क को अपग्रेड करने के कार्य पर करीब नौ करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं। जानकारी के मुताबिक अणु से बड़ू वाया मोहीं सड़क करीब तीन मीटर चौड़ी है। यातायात के बढ़ते दबाव के कारण सड़क की हालत काफी खराब हो गई थी। इसके अलावा सड़क संकरी होने के कारण वाहनों को पास लेने में दिक्कत आ रही थी। वाहन चालक इस सड़क को चौड़ा करने की मांग कर रहे थे।
लोगों की मांग पर विभाग ने इस सड़क को अपग्रेड करने का कार्य शुरू किया है। साढ़े पांच किलोमीटर सड़क पर विभाग की ओर से नौ करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जा रहा है। सड़क की चौड़ाई को तीन मीटर से बढ़ाकर साढ़े पांच मीटर की जा रही है। लोक निर्माण विभाग हमीरपुर के अधिशासी अभियंता दीपक ने बताया कि अणु से बड़ू वाया मोहीं सड़क को अपग्रेड किया जा रहा है। जल्द ही कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। हर गांव को सड़क से जोड़ने के लिए लोक निर्माण विभाग प्रयास करता है।