दो जगह पर वैकल्पिक नल लगाने पर ग्रामीणों में हुआ था विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के तहत जाहू से हमीरपुर वाया बाहन्वीं सड़क के विस्तारीकरण से क्षतिग्रस्त हुए पानी के पाइपों से पैदा हुए पेयजल संकट को दूर करने के लिए जल शक्ति विभाग ने कसरत शुरू कर दी है। विभागीय कर्मचारियों ने नव विभोर वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुलवान से लेकर ठारा गांव तक लोगों को 14 कनेक्शन दे दिए हैं, जबकि दो जगह वैकल्पिक नल लगाने पर ग्रामीणों में आपसी विवाद होने के कारण नल नहीं लगे हैं। 12 अक्तूबर के अंक में अमर उजाला ने ग्रामीणों के इस मसले को प्रमुखता से उठाया था। जल शक्ति विभाग के उच्च अधिकारियों के आदेश पर कर्मचारियों ने खोदाई से कटे 14 नलों को नया कनेक्शन दे दिया है। जबकि दो स्थानों पर वैकल्पिक नल लगाने के लिए विवाद हो गया और ग्रामीणों ने पहले की तरह ही पानी की सुविधा देने की मांग की। विभाग का तर्क है कि अभी तक सड़क का निर्माण कार्य जारी है। ऐसे में सड़क के किनारे नई लाइन नहीं बिछाई जा सकती है। इसलिए वैकल्पिक नल लगाने की सुविधा ग्रामीणों को दी गई थी, लेकिन लोग नहीं मानें। जल शक्ति विभाग उपमंडल भोरंज अनुभाग धमरोल के कनिष्ठ अभियंता मुनीष ने कहा कि ठारा गांव में 14 कनेक्शन दे दिए हैं। भलवानी गांव की पेयजल समस्या का भी समाधान किया जा रहा है।
भलवानी गावं में नहीं हुआ समस्या का समाधान
भलवानी पंचायत प्रधान अमनदीप, भलवानी क्यारी गांव के रमेश चंद, रामनाथ, किशन चंद, पवन कुमार, वंशी राम, सोनू, जीत कुमार, रामरखी व उपरली भलवानी के रिखी राम, सुरेश कुमार व अन्य ने बताया कि पाइप उखड़ने की वजह से नलों के कनेक्शन टूट गए हैं। विभाग के अधिकारी व कर्मचारी समस्या का कोई हल नहीं कर रहे हैं। ग्रामीण गंभीर पेयजल संकट की समस्या से परेशान हैं।