बिझड़ी (हमीरपुर)। बिजली उपमंडल कोटला के अंतर्गत बिजली बोर्ड को शुक्रवार शाम अंधड़ के कारण लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उपमंडल के करीब तीन बिजली के खंभे टूट गए हैं, जबकि थ्री फेस लाइन पर पेड़ गिरने से आपूर्ति भी प्रभावित हो गई है। सबसे ज्यादा नुकसान डिग्री कॉलेज चकमोह के पास हुआ है। जहां पर बिजली के तीन खंभे टूट गए हैं।
इसके साथ ही बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में भी बिजली लाइन पर एक बड़ा सूखा पेड़ गिर जाने के चलते काफी नुकसान हुआ है। बिजली बोर्ड के कर्मचारी आपूर्ति बहाल करने के लिए शनिवार दिनभर लगे रहे। अंधड़ के कारण जो सीमेंट के खंभे टूटे हैं, उनके स्थान पर नए लोहे के खंभे लगाए गए हैं।
उधर, बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता विजय पटियाल का कहना है कि शुक्रवार शाम के समय अंधड़ से करीब 12 बिजली के खंभों को नुकसान पहुंचा है। डिग्री कॉलेज क्षेत्र में भी बिजली लाइनों को काफी नुकसान हुआ है। कर्मचारियों को सुबह 6:00 बजे ही बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए लगा दिया गया। शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल हो गई है। संवाद