हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड लिमिटेड डिप्लोमा धारक इंजीनियर्स संघ ने बिजली बोर्ड के अभियंताओं को भेजे कारण बताओ नोटिस का विरोध जताया है। संघ के प्रधान रेवती रमन शर्मा और महासचिव मनोहर लाल ने कहा है कि संघ बोर्ड की इस बात से सहमत है कि ज्यादा से ज्यादा राजस्व प्राप्ति के लिए हर माह बिलिंग होनी चाहिए, परंतु हर माह बिलिंग के लिए बोर्ड प्रबंधन पर्याप्त स्टाफ और बिलिंग मशीनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित करे।
बिजली बोर्ड के प्रबंध निदेशक खुद टेक्नोक्रेट हैं तथा इस पद पर पहुंचने से पहले लंबे समय तक फील्ड में सेवाएं देते आए हैं। संघ उनसे यही उम्मीद करता है कि फील्ड की वास्तविक स्थिति को समझें। एक साथ इतने अभियंताओं पर अंगुली उठाना तर्कसंगत नहीं है। संघ पदाधिकारियों ने बोर्ड प्रबंधन से आग्रह किया है कि फील्ड की व्यावहारिक स्थिति को समझते हुए अभियंताओं को जारी किए गए कारण बताओ नोटिस को वापस लिया जाए। वास्तविक स्थिति जाने बगैर अभियंताओं पर अंगुली उठाने से इस वर्ग में रोष है।