हमीरपुर। बस अड्डा हमीरपुर में बुधवार को निजी बस के परिचालक ने नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ करने वाले अधेड़ व्यक्ति को धुन दिया। इसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले किया गया। वहीं, सदर पुलिस की एक टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू की।
बुधवार को धनेटा से हमीरपुर आ रही एक निजी बस में सवार एक नाबालिग लड़की से बस में ही सवार अधेड़ उम्र के एक व्यक्ति ने छेड़छाड़ शुरू कर दी। लड़की सीट से उठ गई। इस पर जब परिचालक ने उसे खाली सीट पर बैठने के लिए कहा तो उसने परिचालक को आपबीती सुनाई। जिस पर परिचालक ने हमीरपुर बस अड्डे पर पहुंचते ही आरोपी की धुनाई कर डाली। इस दौरान लोगों ने पुलिस को सूचना दी और आरोपी को पुलिस के हवाले किया। सदर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन की। एसएचओ सदर थाना राजेश कुमार का कहना है कि मामला महिला पुलिस थाना को सौंपा गया है।