प्रदेश की लोक संस्कृति पर आधारित राज्यस्तरीय कला उत्सव का शुभारंभ मंगलवार को शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने ऑनलाइन माध्यम से किया। भारतीय कला और संस्कृति के संरक्षण के लिए सभी सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों में कला उत्सव का आयोजन किया जा रहा है ताकि, अपनी लोक संस्कृति और सभ्यता को संरक्षित किया जा सके। अपने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सभी छात्र-छात्राओं ने इस ऑनलाइन प्रतियोगिता में लाइव भाग लिया। मंगलवार को छात्र और छात्रा वर्ग में शास्त्रीय संगीत, शास्त्रीय वाद्य यंत्र वादन, पेंटिंग आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन ऑनलाइन माध्यम से किया गया।
शास्त्रीय संगीत में जिला हमीरपुर का प्रतिनिधित्व करने वाली राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नादौन कन्या की छात्रा रिमझिम ने गूगल मीट के माध्यम से लाइव प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति में विद्यालय की छात्राओं मुस्कान चौधरी, शरुति ठाकुर सहित संगीत अध्यापक नरेंद्र सिंह ठाकुर ने भी सहयोग प्रदान किया। इसके अतिरिक्त विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा दीप ज्योति कौंडल ने भी सुंदर पेंटिंग बनाकर पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लिया। इस उपलक्ष्य पर नादौन खंड के बीआरसी अनिल धीमान, लिपिक मोनिका कुमारी, प्रधानाचार्या मीना कुमारी सहित ऑनलाइन माध्यमों को संचालित करने के लिए अरुण कुमार, राकेश कुमार, मोनिका कुमारी, नरेश मलोटिया, निकेश कुमार, करनैल सिंह राणा आदि उपस्थित रहे।