नादौन (हमीरपुर)। विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी भाग लें। इससे विद्यार्थी शारीरिक और मानसिक रूप से तो सुदृढ़ होंगे ही, साथ ही नशे से भी दूर रहेंगे। नशे से दूर रहकर विद्यार्थी अपने लक्ष्य का निर्धारण कर उसे पूरा करने के लिए मेहनत करें। यह शब्द पुलिस थाना नादौन के प्रभारी योगराज चंदेल ने केंद्रीय विद्यालय नादौन में अमर उजाला फाउंडेशन के पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में कहे।
उन्होंने साइबर क्राइम की जानकारी दी। कहा कि फोन पर किसी भी प्रकार का ओटीपी किसी के साथ साझा न करें और इस बारे में अपने परिजनों व ग्रामीणों को भी जागरूक करें। अपने आसपास, स्कूल या गांव में यदि कोई नशा करता है या नशे का कारोबार करता हो तो बिना डरे इसकी सूचना पुलिस को जरूर दें। उन्होंने बताया कि ऐसी सूचना देने वाले का नाम और पता हमेशा गुप्त रखा जाता है। उन्होंने बच्चों को तेज गति से वाहन न चलाने के प्रति जागरूक किया। अधिकतर दुर्घटनाएं तेज गति के कारण ही होती हैं। इसके साथ ही यातायात नियमों का पालन करें और अन्य को भी इसका पालन करने के लिए जागरूक करें।
दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करें तथा वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग जरूर करें। उन्होंने कहा कि मोबाइल और इंटरनेट का प्रयोग केवल पढ़ाई और अच्छी बातें सीखने के लिए करें। इस मौके पर प्रधानाचार्य वनीता पराशीरा, अध्यापकों में वनीता देवी, अजय कुमार, एसके डोगरा, जय सिंह, हेमलता, सुरेश कुमार और रोहिणी गोस्वामी आदि मौजूद रहे।
पुलिस से डरे नहीं, सहयोग करें
अनन्या सोनी ने कहा कि हमें कभी भी कानून को अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए। जरूरत पड़ने पर पुलिस का सहारा लें। पुलिस लोगों की सहायता के लिए हैं, इसलिए पुलिस से डरने की बजाय सहयोग करें।
यातायात नियमों का करें पालन
नेहा स्याल ने कहा कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। हादसों से बचने के लिए यातायात नियम ही एकमात्र उपाय है। इसलिए इनका उल्लंघन न करें।
गोपनीय जानकारी न करें साझा
आस्था ठाकुर ने बताया कि आज के समय में साइबर क्राइम बहुत बढ़ गया है। हमें किसी भी व्यक्ति को फोन पर गोपनीय जानकारी या ओटीपी शेयर नहीं करना चाहिए।