टौणीदेवी में एनएच-70 की जद में आ रहे भवनों को तोड़ने का चल रहा कार्य।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण राष्ट्रीय उच्च मार्ग जालंधर से लेह तक के शेष भाग का कार्य शुरू हो गया है। हमीरपुर-मंडी मार्ग के तहत टौणीदेवी बाजार में कब्जे हटाने की प्रक्रिया मंगलवार से फिर शुरू हो गई है। एनएचएआई ने सभी दुकानदारों की गुजारिश पर विचार करते हुए टौणीदेवी मेले के बाद कब्जे हटाने की मोहलत प्रदान की थी।
गत दिवस यहां मेले का आयोजन हो चुका है। अब स्थानीय दुकानदारों ने खुद ही अपने भवनों को गिराने का काम शुरू कर दिया है, ताकि ईंट, खिड़की-दरवाजे और लोहे के एंगल व शीट्स समेत लकड़ी का सामान किसी दूसरी जगह काम आ सके। मंगलवार को यहां आधा दर्जन से अधिक कब्जे हटाए गए। भारतीय राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण ने हमीरपुर से मंडी तक 109 किलोमीटर के सड़क को तीन भागों में बांटा है। हमीरपुर के ठाणा दरोगन से पारछू पुल तक टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित कंपनी ने काम शुरू कर दिया है। उधर, एनएचएआई के परियोजना अधिकारी अमित चौबे ने बताया कि सभी प्रभावितों को उचित मुआवजा मिल चुका है। लोग खुद कब्जा हटाने में सहयोग कर रहे हैं।