कांगू (हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र नादौन की ग्राम पंचायत बढ़ेरा के गांव पदरीं नाले में छह माह से लापता एक अधेड़ महिला का कंकाल मिला है। संबंधित महिला अक्तूबर 2022 से लापता थी। इसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट उसकी छोटी बहन ने पुलिस थाना नादौन में दर्ज करवाई थी। मृतका की पहचान विजय कुमारी (57) पुत्री ज्ञान चंद, गांव हार डाकघर नालटी जंगलरोपा, हमीरपुर के रूप में हुई है।
विजय कुमारी अविवाहित थी। दिमागी हालत ठीक न होने के चलते वह पिछले दो सालों से अपनी छोटी बहन सुनीता देवी पत्नी शिव दयाल के पास ग्राम पंचायत बढ़ेरा के गांव जमन बाल में रहती थी लेकिन 1 अक्तूबर को वह अपनी बहन के घर से लापता हो गई थीं। जिसे ढूंढने का काफी प्रयास परिजनों ने किया लेकिन जब कहीं भी उसका सुराग न मिला तो नादौन थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई।
वीरवार शाम को गांव के दो युवक जंगल से घास लेने जा रहे थे तो पदरीं नाले के समीप उन्हें एक कंकाल दिखा। नजदीक जाकर देखा तो सिर की खोपड़ी धड़ से अलग थी और गले में लॉकेट युक्त माला पड़ी थी। इन युवकों ने इस सारी घटना की जानकारी मृतक की छोटी बहन सुनीता देवी को दी। बाद में सुनीता देवी ने इसकी सूचना पंचायत प्रधान राजेश शर्मा को दी। पंचायत प्रधान ने थाना प्रभारी नादौन योगराज चंदेल को इसकी सूचना दी। थाना प्रभारी नादौन योगराज चंदेल ने अपनी टीम और पंचायत प्रधान राजेश शर्मा औरमृतक की छोटी बहन सुनीता देवी को लेकर मौके पर पहुंचे। सुनीता देवी द्वारा पुलिस टीम और ग्रामीणों की उपस्थिति में वहां मौजूद कपड़ों की शिनाख्त पर पाया कि वह उसकी ही बड़ी बहन विजय कुमारी का कंकाल है। थाना प्रभारी योगराज चंदेल ने बताया कि इस मानव कंकाल को फोरेंसिक लैब में भेजा जाएगा और उसके उपरांत ही अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मौत के कारणों का भी पता किया जाएगा।