गंदा पानी आ रहा बाहर, आपातकाल में आने वाले मरीज परेशान
गंदे पानी से चारों ओर गंदगी का आलम, बैठना हुआ मुश्किल
हिमकेयर काउंटर के पास भी बदबू, प्रशासन बना मूकदर्शक
बारिश होने पर गंदा पानी आ रहा मुख्य गेट के पास, समस्या के समाधान की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में ऑक्सीजन प्लांट के पाइप के पास सीवरेज चैंबर के ढक्कन खुले हैं। इससे चारों ओर गंदगी का आलम है। गंदा पानी नाली में जमा हो रहा है। इससे आपातकाल में दाखिल मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चारों ओर बदबू फैली है। इससे वहां पर खड़ा होना भी मुश्किल हो रहा है। आपातकाल वार्ड के बाहर मरीजों के साथ आए तीमारदारों को बैठने के लिए कुर्सियां लगाई गई हैं लेकिन इतनी बदबू में वहां बैठना भी मुश्किल है। समस्या करीब एक सप्ताह से बनी हुई है।
गंदा पानी अब नालियों से भी बाहर आ रहा है और नेत्र रोग ओपीडी तक बदबू आ रही है। यह कॉलेज का गेट नंबर दो है। गेट तक गंदा पानी आ रहा है। इस जगह पर एंबुलेंस व कॉलेज स्टॉफ के वाहन भी पार्क होते हैं लेकिन सबसे अधिक समस्या तो आपातकाल में दाखिल मरीजों को हो रही है। यहां पर अंदर तक बदबू है। अब बारिश हो रही है तो और अधिक समस्या का सामना करना पड़ रहा है। यहां पर कर्मचारियों को बैठना भी मुश्किल हो गया है। मरीजों सुलोचना, काव्या, संतोष, बलबीर, जसवंत सिंह, मुकुल आदि ने कहा कि यहां पर हालात इतनी खराब है कि खड़ा होना भी मुश्किल हो गया है। इतनी गंदगी अगर अस्पताल में होगी तो किस तरह से मरीज ठीक होंगे। इस बारे में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।