Self help groups making food products will get financial assistance
नादौन/हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश ग्रामीण विकास विभाग ने केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए रविवार को भरमोटी में एक कार्यक्रम का आयोजन किया। हिमाचल प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन की राज्य कार्यक्रम प्रबंधक मोनिका शर्मा एवं पूजा पुंडीर ने उड़ान महिला ग्राम संगठन के अंतर्गत आने वाले स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
मोनिका शर्मा एवं पूजा पुंडीर ने खाद्य प्रसंस्करण पर काम कर रहे समूहों की महिलाओं को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना के बारे में जानकारी दी। बताया कि इस योजना के अंतर्गत समूह की प्रत्येक महिला को सूक्ष्म मशीनरी एवं उपकरण खरीदने के लिए 40 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने महिलाओं से इस योजना के अंतर्गत आवेदन करके इसका लाभ उठाने का आग्रह किया। इस मौके पर महिलाओं की ओर से पूछे गए विभिन्न सवालों एवं योजनाओं से संबंधित शंकाओं का भी निवारण किया। डीआरडीए हमीरपुर से आए एमआईएस ऑफिस असिस्टेंट कुलदीप सिंह एवं डीपीएम विनीत ने महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने एवं सशक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर विकास खंड नादौन से सरिता, जितेंद्र कुमार एवं निखिल धीमान विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने ग्राम पंचायत भरमोटी खुर्द के न्यू आजीविका स्वयं सहायता समूह की ओर से स्थापित माइक्रो फूड प्रोसेसिंग यूनिट का भी दौरा किया।
इस दौरान वहां पर लगाई गई मशीनरी एवं समूह की ओर से तैयार किए जा रहे उत्पादों की सभी अधिकारियों ने प्रशंसा की। प्रधान रीना चंदेल ने अधिकारियों से समूह को उत्पादों की बिक्री के लिए फूड एवं प्रोडक्ट वैन उपलब्ध करवाने की मांग रखी। इस मौके पर सखी एकता सक्षम हरे कृष्णा राधे रिशु इत्यादि स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना के तहत जिले के करीब सौ स्वयं सहायता समूहों को विभाग ने चिह्नित कर लिया है। जिलेभर में 2200 के करीब स्वयं सहायता समूह कार्यरत हैं। इनमें से खाद्य उत्पाद बनाने पर 100 को फिलहाल चिह्नित किया गया है। जबकि, शेष को भी चिह्नित किया जाएगा।