मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में नई लैब के ब्लड कलेक्शन काउंटर पर मरीज के खून का सैंपल लेती कर्मचारी।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। समय 12.10 बजे हैं। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर की निशुल्क फार्मेसी के साथ निजी लैब के सैंपल कलेक्शन काउंटर पर पहला मरीज सैंपल देने के लिए पहुंचा है। लैब के कर्मचारियों ने मरीज का सैंपल लिया और इसे सुरक्षित अपने पास रख लिया। सैंपल लेने के साथ ही इस लैब के काउंटर का विधिवत शुभारंभ हुआ। फिलहाल लोगों को जानकारी के अभाव और लैब पूरी तरह स्थापित न होने के चलते कम ही मरीजों के सैंपल यहां लिए जा रहे हैं। लैब के सैंपल कलेक्शन काउंटर की शुरुआत 17 दिन बाद यहां हो गई है।
12 : 45 बजे हैं। एक अन्य मरीज का खून सैंपल कर्मचारियों ने लिया। शाम 4: 00 बजे तक कुल आठ मरीजों के सैंपल लेकर सुरक्षित रखे गए हैं। शाम 5:00 बजे तक ही लैब के माध्यम से कर्मचारियों ने मरीजों के सैंपल लिए हैं। इसके बाद बाइक राइडर के माध्यम से इन सैंपलों को जांच के लिए मोहाली स्थित लैब में जांच के लिए भेजा गया है। वहीं, अस्पताल में इस लैब की स्थायी स्थापना के लिए करीब एक माह का समय लग सकता है।
तब तक प्रबंधन ने फार्मेसी के साथ लगते प्रवेश द्वार के पास अस्थायी ब्लड कलेक्शन काउंटर की व्यवस्था मरीजों के लिए की है। अब जैसे मरीजों को इसका पता चलता जाएगा, वैसे-वैसे यहां सैंपल देने वालों की संख्या बढ़ती जाएगी। इससे अस्पताल की सरकारी पैथोलॉजी लैब और रेडक्रॉस लैब में भी भीड़ कम होगी। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चौहान ने कहा कि लैब का ब्लड सैंपल कलेक्शन काउंटर शुरू हो गया है। पहले दिन आठ मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।