झरलोग में पूर्ण राज्यत्व दिवस के मौके पर मौजूद कांग्रेस प्रवक्ता प्रेम कौशल व अन्य।
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन। हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व दिवस की स्वर्ण जयंती पर भाषा एवं संस्कृति विभाग जिला हमीरपुर ने एक विचार संगोष्ठी का आयोजन नादौन में किया। इसमें जिला भाषा अधिकारी निक्कू राम की अध्यक्षता में हिमाचल प्रदेश के गौरवमयी इतिहास और पूर्ण राज्यत्व की यात्रा पर चर्चा की गई। विषय विशेषज्ञ के रूप में अनिल कुमार कौशल विशेष रूप से आमंत्रित रहे। अनिल कुमार कौशल ने हिमाचल प्रदेश की विकास यात्रा विषय पर अपने विचार रखे। इसी के साथ कन्या विद्यालय नादौन के संस्कृत शिक्षक नरेश मलोटिया शास्त्री ने पूर्ण राज्य हिमाचल विषय पर व्याख्यान दिया।
इस चर्चा में उभरते कवि डॉ. मुनीष शर्मा ने चर्चा को रसान्वित कर दिया। आज का विकसित हिमाचल विषय पर अपने विचार डॉ. अमित शर्मा सरोच ने रखे। अध्यक्षीय भाषण में जिला भाषा अधिकारी निक्कू राम ने बताया कि 15 अप्रैल 1948 को हिमाचल प्रदेश की स्थापना होने के बाद अनेक संघर्षों से गुजरते हुए 25 जनवरी 1971 को हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा प्राप्त हुआ। आज उन सभी महान आत्माओं को स्मरण करने का दिन है, जिन्होंने इस संघर्ष यात्रा में अपना योगदान दिया। पूर्ण राज्यत्व प्राप्ति के बाद विगत 50 वर्षों में हिमाचल प्रदेश ने अपनी विकास यात्रा में आज अनेक उत्कर्षों को प्राप्त किया है।
इस कार्यक्रम में मंच संचालन आचार्य ज्योति प्रकाश ने किया। इस अवसर पर अशोक कुमार, आकर्षक शर्मा, आशीष कुमार, अंकुश, सचिन शर्मा, गायत्री, दीक्षा प्रभाकर, आरती, शिवाली, नेहा देवी, नेहा, रीना कौशल, क्षमा देवी आदि उपस्थित रहे।