उपमंडल के कई कस्बों में चल रही मनमानी
कीमत सूची न होने से दुकानदार ग्राहकों से ले रहे मनमाने दाम, कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
भोरंज(हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के कई कस्बों में बिना कीमत सूची चस्पां किए ही दुकानों पर सब्जियां व फल बेेचे जा रहे हैं। रेटलिस्ट न होने के चलते दुकानदार ग्राहकों से मनमाने दाम वसूल रहे हैं। एक दुकान में फल और सब्जियों के दाम कुछ होते हैं तो दूसरी दुकान में कुछ और। दुकानदार कीमत सूची न लगाकर विभागीय नियमों की अवहेलना कर रहे हैं। वहीं, मनमाने दाम वसूल कर ग्राहकों को लूट रहे हैं। भोरंज उपमंडल के मुख्य कस्बों जाहू, सुलगवान, पट्टा, लदरौर, उखली, बस्सी, तरक्वाड़ी, मनोह और अन्य स्थलों पर सब्जी व फल विक्रेता दुकानों पर बिना लिस्ट के सब्जी और फलों के मनमाने दाम वसूल रहे हैं। इसके साथ ही कइयों के पास तो लाइसेंस भी नहीं हैं। स्थानीय लोगों सरोज कुमारी, प्रीतम चंद, राकेश कुमार, अमर सिंह, पवन कुमार, अशोक कुमार, संजय कुमार आदि ने कहा कि सब्जी, फल व अन्य दुकानों पर मूल्य सूची के अभाव में दुकानदारों की ओर से मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं। इस पर विभाग को जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।
उधर, खाद्य आपूर्ति विभाग के डीएफएससी अरविंद शर्मा ने कहा कि दुकानदारों को मूल्य सूची और फूड लाइसेंस की प्रति दुकान पर लगाने के लिए समय समय पर आदेश दिए जाते हैं। दुकानदारों और सब्जी, फल विक्रेताओं की ओर से बिना मूल्य सूची के सामान बेचा जा रहा है तो उनके खिलाफ शीघ्र कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।